शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने राजू हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने आपसी कहासुनी के बाद राजू के सिर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के लोहे के गुल्ले से वार किया था। वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से घायल राजू को मोटरसाइकिल पर बैठाकर दूसरे स्थान पर ले जाकर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आला-ए-कत्ल, मृतक के कपड़े, पर्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 10 नवंबर को संजय कुमार निवासी चौरी मंडी, थाना चिलकाना ने अपने भाई राजू की हत्या के संबंध में थाना सरसावा में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान शुभम उर्फ बॉबी और उसके भाई रजत निवासी चौरी मंडी के नाम प्रकाश में आए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में शुभम ने बताया कि 9 नवंबर की शाम उसने राजू को फोन कर अपने घेर के पीछे जंगल में बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद शुभम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के लोहे के गुल्ले से राजू के सिर पर वार कर दिया। राजू के घायल होकर गिरने के बाद उसने अपने भाई रजत को फोन कर मौके पर बुलाया। दोनों ने राजू को घायल अवस्था में देखा और उसे वहां से हटाने की योजना बनाई।
आरोप है कि दोनों राजू को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर हैदरपुर से भिक्कनपुर जाने वाले रास्ते पर बंधे के पास ले गए और वहां फेंक दिया। इसके बाद घटना में प्रयुक्त गुल्ला, मृतक का पर्स और कपड़े बिन्नाखेड़ी के पास तालाब किनारे झाड़ियों में छिपा दिए, जबकि मोबाइल फोन तोड़कर तालाब में फेंक दिया।
एसपी देहात के मुताबिक पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 नवंबर को देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित सरसावा टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील तथा कांस्टेबल मोहित तोमर और कपिल देव शामिल रहे।







