शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-01 बेहट में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को 441 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और 46 सुपरवाइजर को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं और आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाना प्रस्तावित है।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजर को निर्देशित किया गया कि अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृतक मतदाताओं से संबंधित सूचनाओं का पुनः सत्यापन करें, ताकि निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि 17 नवंबर से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवक-युवतियों से फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।







