शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन रक्षक ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक दिसंबर से कस्बा नागल के बस अड्डे पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन की प्रमुख मांगों में नागल बस अड्डे पर फ्लाईओवर का निर्माण, वन चेतना पार्क का जीर्णोद्धार और बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराना शामिल है।
कस्बा नागल के ब्लॉक चौराहा स्थित संगठन के कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाकियू रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि नागल बस अड्डे से स्टेट हाईवे गुजरता है। यहां भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों का आवागमन अत्यधिक रहता है। इसके चलते पिछले कई वर्षों में दर्जनों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि आए दिन छोटे-बड़े हादसों में लोग घायल होते रहते हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर संगठन कई बार जनपद के उच्चाधिकारियों से मिलकर बस अड्डे पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग उठा चुका है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी मनीष बंसल के कार्यकाल में संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसी मांग को लेकर बस अड्डे पर करीब 19 दिनों तक अनिश्चितकालीन धरना दिया था। उस दौरान जिलाधिकारी ने धरनास्थल पर पहुंचकर फ्लाईओवर निर्माण कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अब संगठन एक दिसंबर से दोबारा आंदोलन शुरू करेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वन चेतना पार्क की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से वर्षों पहले लाखों रुपये खर्च कर बस अड्डे के निकट वन चेतना पार्क का निर्माण कराया गया था, ताकि कस्बे के लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके, लेकिन देखरेख के अभाव में पार्क कूड़े और खंडहर में तब्दील हो चुका है। संगठन ने पार्क का जीर्णोद्धार कराकर उसे दोबारा जनसामान्य के उपयोग के योग्य बनाने की मांग की है।
उन्होंने बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल पर किसानों के पिछले पेराई सत्र का करीब 75 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भुगतान नहीं होने से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने मिल प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि 30 नवंबर तक किसानों के पिछले वर्ष के गन्ने का संपूर्ण बकाया भुगतान नहीं किया गया तो संगठन मिल के खिलाफ कठोर कदम उठाने को बाध्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक दिसंबर से शुरू होने वाला धरना मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। बैठक में प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र सैनी, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र लाखनौर, अनिल स्वामी, बिल्लू त्यागी, मोना सैनी, गजेंद्र नौसरान, बलविंदर, अमरीश मलिक, राहुल फौजी, अनमोल अरोड़ा और शिवम चौधरी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







