शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को कोर्ट रोड स्थित आशा मॉडर्न स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल तथा साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक, साइबर अपराध एवं सुरक्षा, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधियों के काम करने के तरीकों और उनके जाल में फंसने से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, अनजान लिंक और अन्य तरह के प्रलोभनों के जरिए लोगों को डराकर या झांसे में लेकर उनकी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी हासिल करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या व्यक्तिगत विवरण साझा नहीं करना चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए कहा कि अपनी निजी जानकारी, फोटो और अन्य संवेदनशील विवरण सार्वजनिक करने से बचें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
एसएसपी अभिनंदन ने आमजन से डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।







