शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कलसिया रोड स्थित विश्वास नगर में बदहाल सड़कें, जलभराव, गंदगी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से परेशान कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। श्री कृष्णा राष्ट्रीय गौ रक्षा दल सेवा समिति एवं आर्यवीर सेना के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताते हुए ज्ञापन चस्पा कर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आर्यवीर सेना के संस्थापक एवं शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक ने आरोप लगाया कि वार्ड आठ में पार्षद के कथित भेदभाव के चलते क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलोनीवासी पिछले पांच वर्षों से बिजली, पानी और सड़कों जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
डॉ. अशोक मलिक ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिन के भीतर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया तो कॉलोनीवासी अपने बीवी-बच्चों और पशुओं सहित नगर निगम परिसर में डेरा डाल देंगे। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की जनता आश्वासनों से संतुष्ट होने वाली नहीं है और समस्याओं का स्थायी समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
समिति के अध्यक्ष आयुष गुप्ता महाराज ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। क्षेत्र की समस्याओं की लगातार अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान शोएब खान, मीर अहमद, आजाद, अकरम, सलीम, कुर्बान, नूर हसन, फुरकान, सानिया, सबीना, शबनम, गुलिस्ता, डॉ. शारिक, रियासत, इलियास और अमजद सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।







