Saharanpur News: छठ पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सुरक्षित घाटों पर ही पूजा कराने के निर्देश

सहारनपुर में छठ महापर्व को लेकर एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक हुई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, गोताखोर, एंबुलेंस और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और दुर्घटनारहित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी ग्रामीण मयंक पाठक भी मौजूद रहे। अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी ने कहा कि छठ पूजा केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही कराई जाए। जलाशयों में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस, गोताखोरों, स्वयंसेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अंधेरे और अनधिकृत घाटों पर पूजा की अनुमति न दी जाए तथा आयोजक प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

भीड़ नियंत्रण को लेकर उन्होंने घाटों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने को कहा। पुलिस, होमगार्ड और स्वयंसेवक दल लगातार निगरानी रखेंगे। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा रस्सियों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा कर सकें। इसके साथ ही एंबुलेंस, चिकित्सा दल और अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने कहा कि घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जनसंदेश और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए जाएं। किसी भी स्थिति में एक समय पर अत्यधिक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी सदर विकास पाण्डेय सहित अग्निशमन, विद्युत, रोडवेज, सिंचाई, नगर निगम, नगर पालिका और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य