शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जनपद के जनसेवा केंद्र संचालकों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी लवी त्रिपाठी ने की।

लवी त्रिपाठी ने संचालकों को निर्देश दिए कि फॉर्म-6 भरते समय आवेदक का सही एवं सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। जनसेवा केंद्र संचालक अपना या कोई काल्पनिक नंबर दर्ज न करें। एक ही व्यक्ति के बार-बार आवेदन करने और डुप्लीकेट फॉर्म जमा करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि ओटीपी मिलने में देरी होने पर प्रतीक्षा करें और बार-बार ओटीपी जनरेट न करें। आवेदन में नाम की हिंदी और अंग्रेजी वर्तनी सहित सभी जानकारियों की जांच करें। फोटो एवं आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट अपलोड करें तथा आवेदन सबमिट करने से पहले आवेदक को पूरा विवरण दिखाकर पुष्टि कराएं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आवेदन जमा होने पर प्राप्त रेफरेंस नंबर आवेदक को अवश्य दें। एसएमएस नहीं मिलने पर इसी नंबर से आवेदन की स्थिति जांची जा सकती है। किसी समस्या पर हेल्पलाइन नंबर 1950 से संपर्क करें।
इस दौरान एसपी देहात मयंक पाठक, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसडीएम सदर विकास पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित कुमार यादव सहित जनसेवा केंद्र संचालक मौजूद रहे।








