शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण से जुड़ी सात प्रमुख मांगों को लेकर अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष केएल अरोड़ा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को सौंपा।
दिल्ली रोड स्थित भाजपा के विशेष कार्यक्रम में पहुंचे तीरथ सिंह रावत से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाते हुए केंद्र सरकार से उनके हित में ठोस नीतिगत निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन में देशभर में वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड अथवा निगम का गठन करने, कोरोना काल से पूर्व रेल एवं हवाई यात्रा में मिलने वाली रियायतों को बहाल करने, सभी राज्यों में वरिष्ठ नागरिक प्रिविलेज कार्ड लागू करने तथा 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड की मान्यता सुनिश्चित करने, देशभर में वृद्धावस्था पेंशन की राशि समान एवं सम्मानजनक करने तथा ईपीएफओ पेंशन में वृद्धि करने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू कराने और प्रत्येक जिले में इसके क्रियान्वयन के लिए समितियों का गठन करने की मांग भी रखी।
इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएल अरोड़ा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में समर्पित किया है। ऐसे में उनके जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 17 वर्षों से वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और कल्याण के लिए कार्य कर रही है। वर्तमान में सात राज्यों में संस्था से लगभग पांच हजार वरिष्ठ नागरिक एवं स्वयंसेवक जुड़े हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री वरिष्ठ नागरिकों की इन मांगों पर सकारात्मक संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव संदीप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, सहारनपुर इकाई के अध्यक्ष अजय अत्री, महासचिव अरुण सूरी, कोषाध्यक्ष अरुण प्रकाश शर्मा, गौकरण दत्त शर्मा, शिव कुमार गौड़, ठाकुर सूर्यकांत सिंह, रमेश चंद शर्मा, मूलचंद आनंद, बृजमोहन सिंघल, राकेश कुमार शर्मा, हरपाल सिंह, सीपी छाबड़ा, आरके जैन, अमृत लाल अरोड़ा, विजय कुमार अरोड़ा और हरीश आहूजा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।







