श्रीकान्त शर्मा
सहारनपुर। गागलहेड़ी थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात ग्राम अमरपुर से सिकंदरपुर जाने वाले रास्ते पर पोपलर के खेत में गोकशी के प्रयास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से एक तमंचा, कारतूस, स्कूटी, गोकशी के उपकरण और एक जीवित गोवंश बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध और गोकशी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए क्षेत्र में चेकिंग और गश्त की जा रही थी। इसी दौरान 18/19 सितंबर की रात गागलहेड़ी पुलिस टीम ग्राम अमरपुर स्थित काली नदी चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि अमरपुर से सिकंदरपुर जाने वाले रास्ते पर पोपलर के खेत में कुछ लोग गोकशी करने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि टॉर्च की रोशनी में खेत में पांच-छह लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान असलम पुत्र अलताफ निवासी कैलाशपुर, थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से अबुजर उर्फ अजहर पुत्र प्रवेज निवासी कैलाशपुर को भी गिरफ्तार किया। अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, काले रंग की एक स्कूटी, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक जीवित गोवंश बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।








