फैय्याज अली आब्दी
नानौता। नगर के देवबंद रोड स्थित किसान सहकारी चीनी मिल के 48वें पेराई सत्र 2026-27 का रविवार को विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। मिल परिसर में पंडित राकेश कुमार ने मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया। इस दौरान क्षेत्र के किसानों और गणमान्य लोगों ने नए पेराई सत्र के सफल संचालन की कामना की।
हवन-पूजन के बाद सबसे पहले बुग्गी में गन्ना लेकर पहुंचे गांव अबदयालपुर निवासी किसान पुरुषोत्तम शर्मा का भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा और राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा पुरस्कार भेंट किया। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर पहुंचे ग्राम ओलरी निवासी सोनिराम और ग्राम बकडोली निवासी नीरज का गंगोह विधायक चौधरी कीरत सिंह तथा चीनी मिल चेयरमैन रविंद्र पुंडीर ने स्वागत कर उपहार भेंट किए।
इसके बाद मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, विधायक चौधरी कीरत सिंह, चीनी मिल चेयरमैन रविंद्र पुंडीर, रामपुर विधायक देवेंद्र निम और पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने मिल के डायरेक्टरों, डेलीगेटों और किसान नेताओं के साथ चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
प्रधान प्रबंधक अंकित कुमार ने सभी अतिथियों और किसान नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष मिल पूरी क्षमता के साथ संचालित की जाएगी और किसानों को गन्ने का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा और ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की, ताकि चीनी की रिकवरी बेहतर हो सके।







