Saharanpur News: रेलवे टिकट चेकिंग अभियान में सहारनपुर अव्वल, 272 मामले पकड़कर वसूले 2.18 लाख रुपये

अम्बाला मंडल के विशेष रेलवे टिकट जांच अभियान में सहारनपुर की टीम ने 272 मामले पकड़कर 2,18,360 रुपये का राजस्व अर्जित किया। मंडल में सहारनपुर पहले स्थान पर रहा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर रेल यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे ने विशेष अभियान चलाकर शिकंजा कसा है। अम्बाला मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान (फोर्ट्रेस चेक) में सहारनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल में पहला स्थान हासिल किया। टीम ने 272 मामले पकड़कर 2,18,360 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अम्बाला के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का संचालन मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक की निगरानी में किया गया। अभियान के तहत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गईं। इन टीमों ने बिना टिकट और अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की।

रेलवे से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पूरे अम्बाला मंडल में अभियान के दौरान कुल 627 मामले पकड़े गए, जिनसे 5,18,355 रुपये का राजस्व अर्जित हुआ। इनमें बिना टिकट यात्रा के 321, अनियमित टिकट के 302 और अन्य श्रेणी के चार मामले शामिल हैं।

स्टेशनवार प्रदर्शन में सहारनपुर की टीम 272 मामलों और 2,18,360 रुपये के राजस्व के साथ पहले स्थान पर रही। अम्बाला छावनी की टीम ने 171 मामलों में 1,50,620 रुपये, बठिंडा की टीम ने 97 मामलों में 75,125 रुपये, सिरसा की टीम ने 58 मामलों में 56,200 रुपये और पटियाला की टीम ने 29 मामलों में 18,050 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

इस तरह सहारनपुर की टीम ने मंडल में पकड़े गए कुल मामलों में लगभग 43 प्रतिशत और कुल अर्जित राजस्व में 42 प्रतिशत से अधिक का योगदान दिया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही सफर करें। बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, टिकट रहित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य