फैय्याज अली आब्दी
नानौता। किसान सहकारी चीनी मिल नानौता के नए पेराई सत्र के शुभारंभ कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में कैराना सांसद इकरा हसन और थानाभवन विधायक अशरफ अली खान का नाम शामिल नहीं किए जाने पर पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर मिल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

रविवार को चीनी मिल का विधि-विधान के साथ पेराई सत्र शुरू किया गया था। कार्यक्रम के लिए मिल प्रबंधन की ओर से किसानों और क्षेत्र के समाजसेवियों को निमंत्रण पत्र भेजे गए थे। इनमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री जसवंत सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, विधायक कीरत सिंह और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के नाम शामिल किए गए थे।
पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने शनिवार को किए गए ट्वीट में कहा कि नानौता चीनी मिल कैराना लोकसभा क्षेत्र में आती है और थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसान भी इस मिल के हिस्सेदार हैं। ऐसे में क्षेत्रीय सांसद इकरा हसन और विधायक अशरफ अली खान का नाम निमंत्रण पत्र में शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने दोनों जनप्रतिनिधियों का नाम नहीं होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
इस संबंध में हमारे संवाददाता ने मिल के प्रधान प्रबंधक अंकित कुमार से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।







