शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र निवासी साजिद अली ने अपने बैंक खाते से कथित रूप से 9.50 लाख रुपये धोखाधड़ी से ट्रांसफर किए जाने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया है। पीड़ित ने रिश्तेदार सायरा बानो उर्फ दिल्ली वाली, उसके दामाद मुसव्विर अली तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रकम बरामद कराने की मांग की है। साजिद अली के मुताबिक उसका खाता एचडीएफसी बैंक, अंसारी रोड शाखा में है और उसमें करीब 9.74 लाख रुपये जमा थे। आरोप है कि रिश्तेदारी के चलते सायरा बानो, मुसव्विर अली और अर्शी का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान घर में रखी चेकबुक से कथित तौर पर चेक निकालकर फर्जी हस्ताक्षर किए गए और 9 जून 2026 को करीब 9.50 लाख रुपये अलग-अलग एचडीएफसी बैंक शाखाओं के माध्यम से दूसरे खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित का कहना है कि उसे इसकी जानकारी 15 सितंबर को खाते से रकम निकालने की जरूरत पड़ने पर हुई। बैंक से जानकारी लेने पर खाते से 9.50 लाख रुपये ट्रांसफर होने का पता चला। उसने पूर्व में एटीएम से भी 50 हजार रुपये धोखाधड़ी से निकाले जाने का आरोप लगाया है। साजिद और उसकी पत्नी शाइस्ता का आरोप है कि मामले को लेकर परिवार के लोगों से विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। साजिद ने अपने ऊपर जानलेवा हमला किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वे थाना कुतुबशेर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मेडिकल कराने के बजाय उन्हें थाने में बैठा लिया और शिकायत के बावजूद अभी तक कार्रवाई नहीं की। पीड़ित दंपत्ति का यह भी आरोप है कि उन्होंने बैंक जाकर शिकायत की, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने उचित सहयोग नहीं किया। उनका कहना है कि मोबाइल खराब होने के कारण उन्हें खाते से रकम ट्रांसफर होने का मैसेज भी नहीं मिल सका। दंपत्ति ने बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए जांच की मांग की है। साजिद अली ने अब एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच, मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा रकम बरामद कराने की मांग की है। पुलिस जांच और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपों की पुष्टि होना बाकी
है।








