विमल शर्मा
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस की सोमवार देर रात संदिग्ध बाइक सवारों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए जनपद में लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 21 सितंबर की रात फतेहपुर पुलिस टीम बड़कला से चमारीखेड़ा जाने वाली सड़क पर रजापुर कलाहटी कट के पास चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान चमारीखेड़ा की ओर से मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार कथित तौर पर मोटरसाइकिल मोड़कर रजापुर की ओर जाने वाली चकरोड पर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान वरीश पुत्र नसीम निवासी सिकन्दरपुर भेसवाल, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दूसरा आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की ओर से कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वरीश के खिलाफ हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाने में गोकशी और दुष्कर्म तथा सहारनपुर के गागलहेड़ी थाने में गोकशी से संबंधित मुकदमों समेत करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।








