श्रवण शर्मा
गंगोह। गांव जेहरा में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर अभद्रता, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक केरन सिंह क्षेत्र में शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। इसी दौरान पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि गांव जेहरा स्थित बिजलीघर के पास सुशील और अरुण पक्ष के बीच विवाद के बाद मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय पीआरवी टीम भी मौके पर मौजूद थी।
पुलिस के अनुसार पीआरवी कर्मियों ने बताया कि सुशील की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। सुशील ने निशांत गुर्जर और उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित मौके से चले गए थे। इसी दौरान निशांत गुर्जर के वहां पहुंचने पर पुलिस के साथ कथित तौर पर गाली-गलौच और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।
पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उपनिरीक्षक केरन सिंह की वर्दी फाड़ दी और उनकी नेम प्लेट तोड़ दी। इसके साथ ही पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
उपनिरीक्षक केरन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार चौहान ने बताया कि आरोपी निशांत गुर्जर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।








