Saharanpur News: गागलहेड़ी में बिजली चोरी गिरोह का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर के गागलहेड़ी में सरकारी बिजली लाइन और ट्यूबवेलों से तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। चार आरोपी गिरफ्तार, तार व उपकरण बरामद।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में बुधवार को एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेस वार्ता कर गागलहेड़ी पुलिस की कार्रवाई का खुलासा किया। पुलिस ने सरकारी विद्युत लाइनों और ट्यूबवेलों से तार व विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 1.03 कुंतल एल्यूमिनियम तार और पांच किलो तांबे का तार बरामद किया गया है। इसके अलावा तार काटने वाला कटर, बिजली के खंभे पर चढ़ने वाली बेल्ट और लोहे का सब्बल भी बरामद हुआ है।

एसपी सिटी के मुताबिक गागलहेड़ी क्षेत्र में 20 और 21 सितंबर को सरकारी विद्युत लाइन तथा ट्यूबवेलों से तार और उपकरण चोरी होने के संबंध में चार मुकदमे दर्ज हुए थे। मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। बुधवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पशु पैठ के कोने पर स्थित आम के बाग से चार आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभलहेड़ी निवासी अमित कुमार उर्फ बुद्धु, बढ़ेड़ी घोघू निवासी मनोज उर्फ मोनू, विजय कुमार और इरशाद उर्फ शेरू के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिन में खेतों में जाकर बिजली लाइनों और ट्यूबवेलों की रेकी करते थे और रात के समय खंभों पर चढ़कर तार काटते थे। पुलिस का दावा है कि ट्यूबवेलों से भी केबल और तांबे के विद्युत उपकरण चोरी किए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों से बरामद माल पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं से संबंधित है। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और विद्युत अधिनियम की धारा 136 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ गागलहेड़ी, फतेहपुर और बड़गांव थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भी गागलहेड़ी थाने में संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक अभिनव कुमार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह तथा कांस्टेबल सुशांत कपिल, अनुज कुमार, गौरव राठी, नरदेव, विक्रांत सिंह और मौ. यासीन शामिल रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य