शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। नकुड़ थाना पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 380 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 76 लाख रुपये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने प्रेसवार्ता में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने 24 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर नकुड़ कस्बे से अंबेहटा पीर जाने वाले मार्ग पर बिजलीघर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी पुत्र स्वर्गीय वीर सिंह निवासी पखनपुर थाना गंगोह, हाल निवासी बरेली, अर्शलान उर्फ गुड्डू पुत्र जमील निवासी कादरगंज थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली और हर्षित पुत्र अरविंद कुमार निवासी नरेना थाना पुवायां, शाहजहांपुर, हाल निवासी बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सन्नी के कब्जे से 950 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 3 लाख 50 हजार 30 रुपये, अर्शलान उर्फ गुड्डू से 900 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और 3 लाख 50 हजार रुपये, जबकि हर्षित से 530 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य सामान भी बरामद हुआ। पुलिस ने कुल नकदी 10 लाख 30 हजार रुपये बताई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में मुकदमा अपराध संख्या 501/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि नशे की खेप कहां से आती थी और आगे किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी, इसका पता लगाया जा सके।
पूछताछ के संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपी सन्नी ने कथित तौर पर बरेली के कादरगंज निवासी जिलानी उर्फ बबलू से स्मैक खरीदकर सप्लाई करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सहारनपुर के बुढेड़ा निवासी अमित उर्फ अनित का नाम भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि अमित के जेल जाने के बाद उसका भतीजा आर्यन कथित रूप से इस कारोबार को संभाल रहा था। इन कड़ियों की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सन्नी का पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ थाना चिलकाना और थाना गागलहेड़ी में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित जनपदों से जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना नकुड़, एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आगे की जांच में नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।








