शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बैडमिंटन क्लब में 25 सितंबर को तीन दिवसीय सहारनपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच डबल्स के लीग मुकाबले खेले गए। विभिन्न टीमों के बीच हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के दौरान डीआईजी सहारनपुर रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी बैडमिंटन मुकाबलों में प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिस नवागंतुकों, पुलिस ओपन वर्ग तथा राजपत्रित अधिकारी और अराजपत्रित कर्मचारी वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

25 से 27 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में विभिन्न वर्गों के बीच आगामी दिनों में भी बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस परिवार और पुलिसकर्मियों में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है।








