शहरी चौपाल/संवाददाता
सहारनपुर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित एक घायल आरोपी सहित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, लूटे गए पीली धातु के कुंडलों की एक जोड़ी तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर की रात कोतवाली देहात पुलिस टीम ग्राम देवला से ग्राम सूमली जाने वाली सड़क पर सूमली चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन हाईवे के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए आगे बढ़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल लेकर आम के बाग की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया। अत्यधिक बारिश के कारण कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल आरोपी ने पूछताछ में अपने एक साथी के इंतजार में वहां मौजूद होने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचे दूसरे संदिग्ध को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ कपिल पुत्र पप्पू निवासी लखनौती कलां, थाना कोतवाली देहात तथा मोहम्मद जकी पुत्र महताब निवासी आली की चुंगी, थाना नकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी अर्जुन थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमा संख्या 482/26, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित था। उसके विरुद्ध सहारनपुर के विभिन्न थानों में संगीन अपराधों से संबंधित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








