शहरी चौपाल / संवाददाता
सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए तांबे के लोटे, कलश और त्रिशूल बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर 2026 को श्याम अग्रवाल निवासी भाटों वाली गली, मिश्रमुरार रानी बाजार ने थाना मंडी में तहरीर देकर बताया था कि मोहल्ला मिश्रमुरार स्थित मंदिर से तांबे का लोटा, त्रिशूल, कलश और मंदिर के गल्ले से नकदी चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर थाना मंडी में मुकदमा संख्या 486/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर गश्त और चेकिंग के दौरान वांछित आरोपी वंश पुत्र दीपक वर्मा उर्फ बोबी ड्राइवर निवासी धोबी वाली गली, कम्बोह कटहरा, थाना मंडी को बाबा लाल दास रोड स्थित कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर एक तांबे का लोटा, एक तांबे का कलश और एक तांबे का त्रिशूल बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक पंकज मिश्रा, उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, कांस्टेबल अनुज कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अवधेश गौतम शामिल रहे।








