फैय्याज अली आब्दी
नानौता/थाना भवन। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में थाना भवन में आयोजित होने वाली पार्टी रैली में नानौता नगर पंचायत चेयरमैन अफजाल खान समर्थकों के साथ शामिल होंगे। रैली को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद संबोधित करेंगे।
रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कार्यक्रम में थाना भवन विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रभारी राव मौसम अली के समर्थन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की बात कही जा रही है। आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर रखी हैं और पार्टी की ओर से कई सीटों पर विधानसभा प्रभारियों एवं प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है।
राव मौसम अली नानौता क्षेत्र के गांव बाबूपुरा निवासी बताए गए हैं। पार्टी की ओर से उन्हें थाना भवन विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रस्तावित रैली को इसी क्रम में महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
नानौता नगर पंचायत चेयरमैन अफजाल खान के समर्थकों के साथ रैली में शामिल होने की सूचना से स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, रैली के माध्यम से आजाद समाज पार्टी अपने संगठनात्मक आधार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच संदेश देने का प्रयास करेगी।
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद इन दिनों उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं और संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। हाल के दिनों में पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी की है।








