अमित कुमार
छुटमलपुर। फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव दतौली मुगल में तालाब के किनारे गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पश्चिमी प्रांत बजरंग दल के सह संयोजक हरीश कौशिक कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हरीश कौशिक ने बताया कि दतौली मुगल फतेहपुर थाना क्षेत्र का सीमावर्ती गांव है। उन्होंने कहा कि करीब 15 दिन पहले भी सीमा से सटे बेहट थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव में गोवंश का सिर मिलने की सूचना सामने आई थी। लगातार ऐसी घटनाओं की सूचना मिलने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने सीमा क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की।
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवशेष वहां कैसे पहुंचे।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मौके से बरामद अवशेषों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद अवशेष किसके हैं और घटना से संबंधित वास्तविक तथ्य क्या हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अनुभव प्रतीक दत्त, लक्ष्य शर्मा, अंकित कुमार, शुभम कुमार सहित बजरंग दल के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








