गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
संदीप राणा ने गांधी के आंदोलनों को आजादी के संग्राम की धुरी बताया, मनीष त्यागी ने शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ नारे को किया याद
सहारनपुर। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने दोनों महापुरुषों के जीवन एवं देश के प्रति योगदान को याद किया।
जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में चलाए गए विभिन्न आंदोलनों ने देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधी ने देशभर का भ्रमण कर लोगों को समझा और आजादी के आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया। राणा ने असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आंदोलनों ने लोगों को धर्म और जाति से ऊपर उठकर देश की आजादी के लिए एकजुट किया।
महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देश के विकास और आत्मनिर्भरता का संदेश बना। उन्होंने कहा कि शास्त्री के विचारों और सादगीपूर्ण जीवन से आज भी प्रेरणा ली जा सकती है।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला संगठन प्रभारी एवं उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, पीसीसी सदस्य धर्मवीर जैन, राज्य प्रवक्ता अमरदीप जैन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता काजी शौकत हुसैन, अक्षय चौधरी, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरैशी, महानगर उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी हरिओम मिश्रा, मयंक शर्मा, नसीब खान, विपिन कांत शर्मा, अनिकेत कर्णवाल, सुनील राठौर, मनोज शर्मा, राकेश वर्मा, सोनू भारद्वाज, घनश्याम पंत, शाहबाज अली, विनोद कुमार, अजय कुमार गौतम, ओमपाल सिंह डांकोवली, आदित्य सिंह, शमीम, मोहम्मद यूनुस अंसारी, मोहम्मद जमाल अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।








