श्री कान्त शर्मा
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। ऑपरेशन सवेरा के तहत गागलहेड़ी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 284 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 56 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान हिंडन नदी के पुराने पुल के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद अब्दुल रहमान उर्फ मोनू पुत्र मेहरबान, निवासी ग्राम रायपुर, थाना मिर्जापुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 284 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से बताया कि वह बाहर से कम कीमत पर स्मैक खरीदकर लाता था और यहां नशे के आदी लोगों को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई अतुल कुमार, एसआई रणवीर सिंह, सतीश रौसा तथा कांस्टेबल सुशांत कपिल, नरदेव, गौरव राठी और अनुज कुमार शामिल रहे।








