
शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। टायर फैक्ट्री मालिक अरबीन चौहान हत्याकांड में पुलिस ने दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से नाराज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने गंगोह कोतवाली में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए एनकाउंटर और आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई थी। मौके पर पहुंचीं सांसद इकरा हसन, विधायक नाहिद हसन और कांग्रेस नेता एवं पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद ने अधिकारियों से वार्ता की थी। उन्होंने तीन दिन के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर बड़े स्तर पर थाना घेराव करने की चेतावनी दी थी।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव कल्लरहेड़ी निवासी पप्पू उर्फ प्रांजल पुत्र बबलू उर्फ बलवीर और आशू पुत्र बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से संबंधित बरामदगी की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस अब मामले में फरार अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चंद्रपाल, हेड कांस्टेबल अंकुश गौदारा और दीपक सागर शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









