सहारनपुर में दशहरा आज: 59 जगह रावण दहन, 1500 पुलिसकर्मी तैनात, जानें ट्रैफिक डायवर्जन

सहारनपुर में दशहरा पर 59 स्थानों पर रावण दहन होगा। सुरक्षा में 1500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कोर्ट रोड पुल पर शाम 5 बजे से यातायात प्रतिबंध और रात 12 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले में 59 स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इनमें शहर के 35 और देहात क्षेत्र के 24 स्थान शामिल हैं। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

मंगलवार को दशहरा पर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में रामलीला, रावण दहन और शोभायात्राओं के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के साथ यातायात प्रबंधन की भी तैयारी की है। बेहट अड्डा, जुबली पार्क, गांधी पार्क और रेलवे कॉलोनी समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे।

शोभायात्राओं और संवेदनशील इलाकों पर रहेगी नजर

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि रावण दहन से पहले शहर में विभिन्न स्थानों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इनके निर्धारित मार्गों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त करेंगे। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना से माहौल प्रभावित न हो।

रावण दहन स्थलों पर तैनात रहेंगी अग्निशमन की गाड़ियां

दशहरा पर्व पर आग से संबंधित किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह के मुताबिक, रावण दहन स्थलों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार दमकल की गाड़ियों को तैनात किया जाएगा। जहां एक ही स्थान से आसपास के कई कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचना संभव होगा, वहां उसी के अनुरूप व्यवस्था बनाई गई है।

कोर्ट रोड पुल पर शाम पांच बजे से बदलेगा यातायात

कोर्ट रोड पुल के बराबर में होने वाली रामलीला को देखते हुए शाम पांच बजे से पुल पर कार, टेंपो और ई-रिक्शा का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान केवल दोपहिया वाहन ही पुल से गुजर सकेंगे।

कोर्ट रोड की तरफ से घंटाघर जाने वाले वाहन हसनपुर चुंगी, सर्किट हाउस रोड, खलासी लाइन और शारदा नगर पुल होते हुए कुतुबशेर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, घंटाघर से कोर्ट रोड जाने के लिए देहरादून चौक, एसबीडी चौक, विश्वकर्मा चौक और दीवानी तिराहा मार्ग निर्धारित किया गया है।

बेहट अड्डा और नुमाइश कैंप क्षेत्र में भी प्रतिबंध

बेहट अड्डे पर रावण दहन के मद्देनजर बेहट अड्डे से माली गेट, पुरानी चुंगी और बेहट अड्डे से कोतवाली देहात की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पहले से खड़े भारी वाहनों को दोपहर 12 बजे से पहले हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

नुमाइश कैंप में रावण दहन को देखते हुए चौकी राकेश केमिकल से भारी वाहन पुरानी चुंगी और बेहट अड्डे की ओर नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा दशहरा पर्व के दौरान रात 12 बजे तक किसी भी भारी वाहन को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। शहर में माल लादने या उतारने के लिए आने वाले भारी वाहनों पर भी यह प्रतिबंध लागू रहेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य