शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर में श्री आशुतोष मंदिर रामलीला समिति की ओर से सोमवार, 19 अक्टूबर को रामलीला का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। शाम पांच बजे शुरू हुई शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसके बाद रामलीला मंच पर अहिरावण वध की मनोहारी लीला का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए दर्शक मौजूद रहे।
शोभायात्रा में संजीव टंडन को प्रभु श्रीराम के रथ का सारथी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। शोभायात्रा के प्रधान गुरप्रीत सिंह बग्गा और दशहरा प्रधान नरेश कुमार रहे। शोभायात्रा गुरुद्वारा रोड से शुरू होकर रेलवे रोड, अंबाला रोड, सुभाष नगर और पटेल नगर से होते हुए गुरुद्वारा रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के मैदान में पहुंचकर संपन्न हुई।
अहिरावण वध की लीला का किया गया सजीव मंचन
शोभायात्रा के बाद रामलीला मंच पर अहिरावण वध की लीला प्रस्तुत की गई। अहिरावण की भूमिका में अंकित गुलाटी, प्रभु श्रीराम के रूप में गौरव चानना, लक्ष्मण के रूप में विनय दुग्गल और हनुमानजी की भूमिका में तरुण अरोड़ा ने अभिनय किया। वहीं, सुग्रीव के रूप में सन्नी भाटिया, अंगद के रूप में ईश सलूजा और विभीषण के रूप में शिवम कक्कड़ ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया। रामलीला का निर्देशन जय कालरा ने किया।
बच्चों के लिए प्रश्न मंच का भी आयोजन
कार्यक्रम में बच्चों को रामलीला की कथाओं और धार्मिक प्रसंगों से जोड़ने के लिए प्रश्न मंच आयोजित किया गया। इसके माध्यम से बच्चों को रामायण से संबंधित प्रसंगों की जानकारी देने के साथ उनके ज्ञान को बढ़ाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष गौरव चौधरी, महामंत्री राकेश छाबड़ा, कोषाध्यक्ष गौरव पुरी, मोहित छाबड़ा, मुख्य संयोजक संजय भसीन, प्रबंधक विनय दुग्गल, दशहरा प्रधान नरेश कुमार, स्वागताध्यक्ष डॉ. एमपी सिंह चावला, संजीव टंडन, राकेश राणा, योगेश टंडन, अमन भाटिया, राघव सेठ, राजा छाबड़ा, दीक्षित छाबड़ा, मनीष कालरा, संजय आनंद, आनंद भाटिया, राजेंद्र महेंद्रा, शिवम महेंद्रा, गौरव चौहान कुमार, विकास कुमार, सन्नी शर्मा, लकी भंडारी, सिद्धार्थ पुरी, शिवम ग्रोवर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रवि बख्शी और अमित वत्ता ने किया।








