शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी में बच्चों की मेहनत, लगन और उत्साह ने दशहरा पर्व को यादगार बना दिया। तीन वर्ष पहले कुछ बच्चों ने खेल-खेल में रावण का पुतला बनाकर अपने घरों के बाहर दशहरे के दिन उसका दहन किया था। उस समय किसी ने कल्पना नहीं की थी कि बच्चों की यह छोटी-सी पहल एक दिन पूरी कॉलोनी के भव्य दशहरा महोत्सव का रूप ले लेगी। इस वर्ष बच्चों ने कॉलोनीवासियों के सहयोग से करीब 12 फुट ऊंचा रावण तैयार किया और मंदिर प्रांगण में धूमधाम से दशहरा महोत्सव आयोजित किया।

रावण बनाने की इस परंपरा को आगे बढ़ाने में नक्श, रुद्राक्ष, आरव, अभिनव, दक्ष, वेदांत, विराज, सैम और अंश गुप्ता सहित अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक मेहनत की। बच्चों की लगन देखकर कॉलोनी के राहुल कोहली, रोहित श्रीवास्तव, अमित भटनागर और पंकज वालिया भी सहयोग के लिए आगे आए। सभी के सामूहिक प्रयास से इस बार करीब 12 फुट का रावण तैयार हुआ और बच्चों की पहल ने बड़े आयोजन का रूप ले लिया।

महोत्सव में रामायण के पात्रों का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहा। दक्ष वालिया ने भगवान श्रीराम, धैर्य ने लक्ष्मण, अनिका ने माता सीता, अंश गुप्ता ने हनुमान जी और रुद्राक्ष भाटिया ने रावण का स्वरूप धारण किया। बच्चों ने अपने-अपने पात्रों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रावण दहन के दौरान बच्चों और कॉलोनीवासियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम में कॉलोनी की महिलाओं ने डांडिया और गरबा प्रस्तुत किया। वहीं, कॉलोनीवासियों ने रामायण का श्रवण करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस अवसर पर बच्चों ने कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

तीन साल पहले शुरू हुई इस छोटी-सी परंपरा को भव्य आयोजन में बदलते देख कॉलोनीवासी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने अगले वर्ष दशहरा महोत्सव को और भी भव्य बनाने का संकल्प लिया। उनकी मेहनत और रचनात्मकता ने यह संदेश दिया कि छोटी उम्र में भी बड़े और प्रेरणादायक कार्य किए जा सकते हैं।








