फैय्याज अली आब्दी
नानौता। नगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में वाल्मीकि समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर में विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। आकर्षक झांकियों और श्रद्धालुओं की भागीदारी के बीच शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

शोभायात्रा का उद्घाटन पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार पुंडीर, भाजपा नेता विवेक नामदेव और वरिष्ठ समाजसेवी ठाकुर विनोद पुंडीर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान थानाध्यक्ष विकास चारण और भाजपा नेता रोबिन जैन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में नगर के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
शोभायात्रा जब नगर पंचायत कार्यालय के सामने पहुंची तो नगर पंचायत चेयरमैन पति एवं आजाद समाज पार्टी के नेता अफजाल खान ने अपनी टीम के साथ उसका स्वागत किया। उन्होंने शोभायात्रा में शामिल झांकियों पर पुष्पवर्षा की तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में केले और हलवा वितरित किया। इस दौरान राशीद खान बरसा, मौलाना असद अली, शमशेर प्रमुख, पत्रकार दिलशाद राणा, दानिश मलिक, सलमान मलिक, सभासद सादिक सैफी, मास्टर शौक रजा और पूर्व सभासद अनीस कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पूर्व सभासद पति राहुल बिरला, गोपाल सिंह, रोबिन कुमार, संदीप कुमार, हरीश कुमार, बल्लू, अरुण, रोहित, माईचंद सिंह और गौतम कुमार सहित नगर के गणमान्य लोगों एवं नगर पंचायत सभासदों ने भी सहभागिता की।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
महर्षि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। थानाध्यक्ष विकास चारण ने शोभायात्रा से पहले आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने शोभायात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया। शोभायात्रा के दौरान भी थाना पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से मुस्तैद दिखाई दी।








