शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) चैप्टर की ओर से 27 अक्टूबर को दिल्ली रोड स्थित फुलवारी गार्डन में पारिवारिक दीपोत्सव समारोह-2026 धूमधाम से मनाया गया। समारोह में करीब 250 सदस्य परिवारों ने भाग लिया। गरबा-डांडिया, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत की धुनों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय सिंह, पूर्व सांसद राघव लखन पाल, एसपी सिटी व्योम बिंदल, कुलपति प्रो. वाई. विमला तथा आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजकों ने अतिथियों का अंगवस्त्र और मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया।
संस्कृति ग्राम सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक अभि धीमान के निर्देशन में गरबा-डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
सदस्यों एवं उनके परिवारों का उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इनमें छह लकी ड्रॉ, पांच समयबद्धता पुरस्कार, दो सांत्वना पुरस्कार, 15 कपल अवार्ड, 20 लेडीज डांस अवार्ड और 20 चाइल्ड अवार्ड शामिल रहे।
आईआईए चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने समारोह की सफलता पर कार्यक्रम समिति और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी, मुख्य अभियंता हेमराज सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और आईआईए सदस्य मौजूद रहे।








