शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित रंगोली गार्डन में आयोजित ‘आरम्भ खुशियों का’ प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने रिबन काटकर किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। मंडलायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यापारिक कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच मिलता है।
प्रदर्शनी में सहारनपुर के अलावा देहरादून, दिल्ली, मेरठ, लखनऊ, मुजफ्फरनगर और यमुनानगर से आई महिला उद्यमियों एवं कारोबारियों ने आकर्षक स्टाल लगाए। करवाचौथ और दीपावली के मद्देनजर यहां डिजाइनर परिधान, सजावटी सामान, हस्तशिल्प और पूजन सामग्री की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा बच्चों के लिए गेम्स और फूड कोर्ट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रदर्शनी की आयोजक कुसुम जैन और नेहा जैन ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य छोटे और मध्यम स्तर की महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर देना है। ऐसे मंच से महिला कारोबारियों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने और नए ग्राहकों से जुड़ने में मदद मिलती है।
प्रदर्शनी के पहले दिन महिलाओं में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने विभिन्न स्टालों पर उपलब्ध उत्पादों को देखा और खरीदारी की।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के संभाग महासचिव अनुपम गुप्ता, अध्यक्ष वरुण अग्रवाल, शौर्य जैन, राजीव चान्ना, राजकमल, विकास मित्तल और संदीप अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








