शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। करवाचौथ के पावन अवसर पर श्री गौ देवी मंदिर (गौशाला) की ओर से महिलाओं और युवतियों के लिए निःशुल्क मेहंदी लगाने के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। देर रात तक महिलाओं ने मेहंदी लगवाई। कार्यक्रम में मेहंदी लगाने में सहयोग करने वाले बच्चों को वंदेमातरम मिशन की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी प्रवीण मोंगा ने रिबन काटकर किया, जबकि समाजसेवी पूनम सिंह एडवोकेट ने दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान जूनियर भगत सिंह विजयकांत चौहान ने निःशुल्क मेहंदी आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
प्रवीण मोंगा ने करवाचौथ पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि बहन-बेटियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए प्रतिदिन दो घंटे का समय देने का आह्वान किया। साथ ही वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और दुर्गा रानी जैसी महान नारियों से प्रेरणा लेकर आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनने की अपील की।
विजयकांत चौहान ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से हिंदू युवतियों को जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया गया है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी बेटियों और बहनों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर देवबंद से पहुंचे प्रबुद्ध गुरुकुल के संस्थापक स्वामी शांतनु जी महाराज का स्वागत किया गया। उन्होंने विजयकांत चौहान की पहल की सराहना की। संत सर्वेश्वर दास जी महाराज, प्रभारी नंद बाबा उत्तराखंड ने गौ सम्मान आह्वान अभियान की जानकारी देते हुए गौ माता की सेवा और सुरक्षा में सहयोग करने वाले युवाओं का मनोबल बढ़ाने की अपील की।








