शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर के निकट वन विभाग ने छापेमारी कर पेड़ों के अवैध कटान का मामला पकड़ा है। मोहंड रेंज के वन क्षेत्राधिकारी लव कुमार ने कलसिया रोड स्थित एक कटर पर छापा मारा। मौके पर पेड़ों की पत्तियों और टहनियों का ढेर मिला। वन विभाग ने कटर को सीज करते हुए ठेकेदार, जमीन मालिक और कटर संचालक के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन क्षेत्राधिकारी लव कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध कटान और लकड़ी के भंडारण का मामला सामने आया। वन विभाग ने इस मामले में ठेकेदार महमूद हसन, जमीन मालिक विनोद और कटर संचालक सोनू के विरुद्ध कार्रवाई की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भट्टपुरा में भी शीशम, जामुन और यूकेलिप्टस सहित अन्य प्रजातियों के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया था। इस मामले में थाना फतेहपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे पेड़ों के अवैध कटान के मामलों से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी लव कुमार ने बताया कि मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। इसकी रिपोर्ट जिला वन अधिकारी (डीएफओ) को भेजी जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








