शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के साथ ही सहारनपुर जनपद के 2,72,986 किसानों के बैंक खातों में 54 करोड़ 59 लाख 72 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की किस्त भेजी। शुक्रवार को इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार सहित जनपद के सभी विकासखंडों में किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक रामआसरे वर्मा ने की। इस दौरान 185 किसान लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और योजना की 24वीं किस्त जारी होने की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने किसानों को 24वीं किस्त के प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके साथ ही किसानों को निःशुल्क उर्द बीज मिनीकिट देकर सम्मानित किया गया।
उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के कुल 2,72,986 पात्र किसानों के बैंक खातों में 54,59,72,000 रुपये भेजे गए हैं। यह धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ लेने, विभागीय सुविधाओं और उपलब्ध सहायता के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सोनी कुशवाहा, रविंद्र बर्नवाल, नौरतु सिंह बादल और महक सिंह सहित 185 किसानों ने प्रतिभाग किया। जनपद के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी।








