शहरी चौपाल ब्यूरो
नानौता (सहारनपुर)। दीपावली पर हिंदू देवी-देवताओं के चित्रों वाले पटाखों की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने की मांग को लेकर केसरिया हिंदू वाहिनी युवा मोर्चा ने थाना नानौता में ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष सूर्यकांत के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में धार्मिक भावनाओं और आस्थाओं का सम्मान बनाए रखने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि दीपावली हिंदू धर्म का पवित्र त्योहार है। इस अवसर पर देवी-देवताओं के चित्रों का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। संगठन का कहना है कि कई कंपनियों की ओर से पटाखों के पैकेटों पर देवी-देवताओं के चित्र छापे जाते हैं। पटाखे जलने के बाद ये चित्र जमीन पर बिखर जाते हैं और पैरों के नीचे आते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
संगठन ने थानाध्यक्ष से मांग की कि कस्बे के बाजारों और दुकानों में इस संबंध में जांच कराई जाए। यदि किसी पटाखे के पैकेट पर आपत्तिजनक चित्रण या कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही विक्रेताओं और निर्माताओं को इस प्रकार के चित्रों का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए जाएं।
जिला अध्यक्ष सूर्यकांत ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि धार्मिक आस्थाओं का सम्मान बनाए रखना और दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना है। इस दौरान सूर्यकांत, सन्नी, मिंटू, अभय, आशीष शर्मा, हिमांशु, विशाल, गौरव और अजय सहित केसरिया हिंदू वाहिनी युवा मोर्चा की टीम मौजूद रही।








