लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) 6 से 17 नवंबर तक विशेष बस संचालन करेगा। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। खासतौर पर दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य महानगरों से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। परिवहन निगम ने इस अवधि में यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के साथ लखनऊ और कानपुर के लिए भी सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी क्षेत्रों की ओर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर वहां से भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। 60 प्रतिशत से अधिक यात्री मिलने पर अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली से गोरखपुर, वाराणसी और अयोध्या के लिए बढ़ेंगी बसें
विशेष बस संचालन के दौरान दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या घटा या बढ़ा सकेंगे। भैयादूज पर स्थानीय और आसपास के जिलों में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए भी विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी बसें सड़क पर उतारने के निर्देश
परिवहन मंत्री ने प्रोत्साहन अवधि में निगम की सभी बसों को शत-प्रतिशत सड़क पर उतारने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए बसों की मरम्मत, जरूरी कलपुर्जों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है। हालांकि, किसी भी स्थिति में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। अनुबंधित बसों के मालिकों को भी बसों की मरम्मत कराकर संचालन के लिए उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर इस अवधि में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां स्वीकृत नहीं की जाएंगी। सभी की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।
चालक-परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन
त्योहारों के दौरान बेहतर बस संचालन के लिए परिवहन निगम पात्र चालक और परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन की दर से प्रोत्साहन राशि देगा। प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह के अनुसार, इसके लिए कम से कम 11 दिन ड्यूटी करना और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस संचालन करना जरूरी होगा। निर्धारित मानक पूरा करने पर 11 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 4,400 रुपये और 12 दिन ड्यूटी करने वालों को 4,800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे।
संविदा और आउटसोर्सिंग से जुड़े चालक-परिचालकों को निर्धारित किलोमीटर से अधिक बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान भी किया जाएगा।
इलेक्ट्रिक बस चालकों को भी मिलेगा अतिरिक्त लाभ
परिवहन निगम इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को भी प्रोत्साहित करेगा। प्रोत्साहन अवधि में नियमित और संविदा चालक यदि कम से कम 11 दिन इलेक्ट्रिक बस चलाते हैं और कुल 3,300 किलोमीटर का संचालन पूरा करते हैं तो उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त करीब एक हजार रुपये दिए जाएंगे।
कार्यशाला कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि
बसों को संचालन के लिए तैयार रखने में जुटे कार्यशाला कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लगातार 12 दिन ड्यूटी करने वाले पात्र कर्मचारियों को 2,500 रुपये और 11 दिन ड्यूटी करने वालों को 2,100 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। इसमें निगम से सीधे जुड़े आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल होंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10 हजार और सेवा प्रबंधकों को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। यह राशि क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगी।
ब्रेथ एनालाइजर से होगी चालकों की जांच
यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन मंत्री ने प्रवर्तन दलों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। सभी चालकों और परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई जाएगी, ताकि नशे की स्थिति में कोई चालक बस का संचालन न करे। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई तथा यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है।








