शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर शनिवार को देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया।
सुरेंद्र कपिल ने कहा कि देश की आजादी के समय सरदार वल्लभभाई पटेल ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ मिलकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के बाद देश की रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण और देश की संप्रभुता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके नेतृत्व में 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश का निर्माण हुआ, जिससे विश्व स्तर पर उनकी आयरन लेडी के रूप में पहचान बनी। उन्होंने इंदिरा गांधी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके खून का एक-एक कतरा देश के काम आएगा। कपिल ने कहा कि इंदिरा गांधी की शहादत से पहले व्यक्त किए गए ये शब्द देश के प्रति उनके समर्पण की मिसाल हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश को एक सूत्र में बांधने का प्रयास कर रहे हैं। देश में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने के लिए कांग्रेस की विचारधारा की आवश्यकता है, ताकि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी मिलकर एक गुलदस्ते की तरह रहें।
कार्यक्रम में काजी शौकत, चंद्रजीत सिंह निक्कू, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, हरिओम मिश्रा, नीरज कपिल, अक्षय चौधरी, योगी वीरसेन, मयंक शर्मा, सोनू पठान, राजेश वर्मा, मनोज शर्मा, अश्वनी शर्मा, धर्मपाल जोशी, आरिफ मंसूरी एडवोकेट, शाहाबाद जमाल, विपिन खान, शर्मा शहनाज बेगम, आरिफ खान, सुनील राठौर और मोहम्मद यूनुस अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








