राजकुमार शर्मा
नागल (सहारनपुर)। गांव बेलडा जुनारदार में आवारा कुत्तों के हमले में 11 वर्षीय मासूम प्रियांशु की दर्दनाक मौत के बाद सोमवार को प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम सदर विकास कुमार पांडे के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों व मुर्गी फार्म संचालकों के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। वहीं, भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम दोपहर करीब एक बजे गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंची। बैठक में एसडीएम ने कहा कि गांव में सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मृत पशुओं और मुर्गी फार्मों से निकलने वाले अवशेषों को खुले में डालने के बजाय गड्ढे में दबाकर उनका उचित निस्तारण किया जाए। ऐसा नहीं करने वाले ग्रामीणों और मुर्गी फार्म संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के पास फारुख द्वारा संचालित मुर्गी फार्म को बंद कराने सहित गांव के आसपास चल रहे सभी मुर्गी फार्मों को हटवाने की मांग उठाई।
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर की शाम कक्षा पांच में पढ़ने वाला 11 वर्षीय प्रियांशु घर से खेलने निकला था। आरोप है कि रात में आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। 31 अक्टूबर की सुबह उसका शव गांव के निकट खेत में पड़ा मिला था। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है।
प्रशासनिक टीम में जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह, जिला विकास अधिकारी धीरेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार, पंचायत राज विभाग के पंकज सैनी, ग्राम विकास अधिकारी दानिश अली और ग्राम प्रधान अरशद अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक देवेंद्र निम भी पहुंचे पीड़ित परिवार के बीच
भाजपा के रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने भी सोमवार को गांव पहुंचकर प्रियांशु के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। विधायक ने गांव की सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रशासक अरशद अली मौजूद रहे।







