शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । दिल्ली-देहरादून हाइवे पर मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे उसमें सवार 10 व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जनपद शामली के कस्बा कैराना से कुछ मजदूर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सहारनपुर स्थित अमरूद के एक बाग में तारबंदी का काम करने जा रहा थे। ट्रैक्टर को कैराना निवासी यामीन चला रहा था और ट्रॉली में करीब नौ मजदूर सवार थे। बताया जाता है कि जैसे ट्रैक्टर-ट्राली नेशनल हाइवे पर थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्रांतर्गत मल्हीपुर के पास पहुंची तो ट्रैक्टर कर स्टेयरिंग फेल हो गया और ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राली के पलटते ही चीखपुकार मच गई। चीखपुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग एवं राहगीरों ने बामुश्किल घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रायबरेली के रहने वाले बॉबी देओल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में संदीप, नंदलाल पुत्र दुर्गा प्रसाद, राम मनोहर पुत्र दुर्गा प्रसाद, धर्मराज पुत्र राजकुमार, गोलू पुत्र हंसराज, राम अभिलाष पुत्र दुर्गा प्रसाद और अरविंद पुत्र ओम प्रकाश, शामिल हैं। सभी घायल जनपद रायबरेली के थाना नसीराबाद क्षेत्र के गांव ओलिपुर के निवासी बताए गए हैं। जबकि विजय पुत्र शोभनाथ अमेठी का रहने वाला है। घायल राम अभिलाष ने बताया कि वे कैराना में एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करने आए थे, लेकिन काम न होने के चलते वे मजदूरी के लिए निकले थे। पुलिस ने हादसे की सूचना पीड़ितों के परिजनों को दे दी है और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।










