होली पर बस यात्रियों से ‘तीन गुना’ वसूली, 600 की टिकट 1900 में

 

नोएडा/ग्रेटर नोएडा। होली का त्योहार नजदीक आते ही दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने किराए में तीन गुना तक बढ़ोतरी कर दी है। आम दिनों में 600 से 900 रुपये में मिलने वाली सीट के लिए अब 1900 से 3300 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।

दिल्ली के आईएसबीटी कश्मीरी गेट और नोएडा-ग्रेटर नोएडा से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जाने वाली बसों में सीटें फुल चल रही हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट, जेवर टोल, रबूपुरा और दनकौर कट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक लोग बसों के इंतजार में खड़े नजर आ रहे हैं।

कानपुर-वाराणसी रूट सबसे महंगा

आम दिनों में कानपुर के लिए 600-700 रुपये में मिलने वाली साधारण सीट का किराया 1900 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि स्लीपर सीट के लिए 3200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। वाराणसी के लिए सीट 1857 रुपये और स्लीपर 3244 रुपये में उपलब्ध है। लखनऊ और प्रयागराज के लिए भी किराया तीन गुना तक बढ़ा दिया गया है।

युवाओं पर सबसे ज्यादा असर

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। छुट्टियां घोषित होते ही अधिकांश युवा अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं। भारी भीड़ के चलते बस कंपनियों ने किराया बढ़ा दिया है, जिससे छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

विंडो सीट के लिए अलग शुल्क

ऑनलाइन बुकिंग के दौरान खिड़की वाली सीट के लिए 100 से 150 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। अधिकांश बसें दिल्ली से ही फुल होकर चल रही हैं, जिसके कारण रास्ते में खड़े यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

यात्रियों का कहना है कि त्योहार के नाम पर की जा रही इस मनमानी पर परिवहन विभाग को सख्त निगरानी करनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वे बिना आर्थिक बोझ के अपने घर पहुंच सकें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य