शहरी चौपाल ब्यूरो फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)। सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी को लेकर नगर के मुस्लिम समाज में रोष फैल गया। गुरुवार को नमाज-ए-असर के बाद बड़ी संख्या में लोग नानौता थाने पहुंचे और अभद्र टिप्पणी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि क्षेत्र के एक गांव निवासी कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर अल्लाह की शान में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही रहबर-ए-मोअज्जम आयतुल्लाह अली खामनई के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी की गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही नगर के मुस्लिम समाज में आक्रोश फैल गया।
गुरुवार दोपहर नमाज-ए-असर के बाद चेयरमैन अफजल खान के नेतृत्व में सैकड़ों मुस्लिम युवक नानौता थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस प्रकार की टिप्पणियां क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान मौलाना असद अली, शौक रजा आबदी, नसीम सिद्दीकी, सभासद फराज सिद्दीकी, सभासद शाहिद खान कालू, नबी अख्तर, सभासद सादिक सैफी, इमरान खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों को मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








