शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। होली के त्योहार के बाद महानगर की सड़कों पर गुरुवार को भारी जाम की स्थिति देखने को मिली। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के होली कार्यक्रम में व्यस्त रहने के कारण शहर में ट्रैफिक व्यवस्था काफी हद तक प्रभावित रही, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घंटाघर से प्रताप मार्केट, जोगियान पुल, नेहरू मार्केट, लिंक रोड और सराफा बाजार समेत कई मुख्य सड़कों और बाजारों में घंटों तक वाहन रेंगते नजर आए। खासतौर पर घंटाघर, प्रताप मार्केट और जोगियान पुल जैसे व्यस्त इलाकों में स्थिति अधिक गंभीर रही, जहां लंबा जाम लगने से लोगों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ा।
बाजारों में बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की कमी के चलते हालात और बिगड़ गए। कई लोगों ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी वाहनों की भीड़ के कारण राहत नहीं मिल सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा पहले से ट्रैफिक व्यवस्था की समुचित योजना बनाई जाती तो शहर में इस तरह की अव्यवस्था नहीं होती। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी का सामना करना पड़ा और महानगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आई।








