नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की कमी की अफवाहों के बीच गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि फोन कॉल के माध्यम से सिलेंडर बुकिंग में भी दिक्कत आ रही है। हालांकि गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सिलेंडर बुक करने के कई डिजिटल विकल्प उपलब्ध कराए हैं, जिनकी मदद से लोग घर बैठे आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि एलपीजी और पेट्रोल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
चार आसान तरीकों से कर सकते हैं गैस सिलेंडर बुक
आमतौर पर लोग गैस सिलेंडर बुक करने के लिए फोन कॉल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन जब कॉल के जरिए बुकिंग नहीं हो पाती तो दूसरे विकल्प भी उपलब्ध हैं। अब उपभोक्ता व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल, एसएमएस और मोबाइल ऐप या ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इन तरीकों से कुछ ही मिनटों में बुकिंग पूरी हो जाती है और गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
व्हाट्सएप से भी कर सकते हैं बुकिंग
आजकल कई गैस कंपनियां व्हाट्सएप के जरिए भी सिलेंडर बुकिंग की सुविधा दे रही हैं। इसके लिए उपभोक्ता को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से कंपनी के व्हाट्सएप नंबर पर संदेश भेजना होता है।
इंडेन गैस के ग्राहक 7588888824 नंबर पर “REFILL” लिखकर संदेश भेज सकते हैं।
एचपी गैस के ग्राहक 9222201122 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर संदेश कर सकते हैं।
वहीं भारत गैस के ग्राहक 1800224344 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर संदेश भेज सकते हैं।
इस माध्यम से बुकिंग का तरीका काफी आसान और तेज माना जाता है।
मिस्ड कॉल देकर भी बुक हो जाएगा सिलेंडर
अगर कोई उपभोक्ता व्हाट्सएप का उपयोग नहीं करता है तो वह मिस्ड कॉल के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकता है। इसके लिए अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से कंपनी के दिए गए नंबर पर मिस्ड कॉल देना होता है।
इंडेन गैस के ग्राहक 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं, जबकि एचपी गैस के ग्राहक 9493602222 नंबर पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं। इसके बाद उपभोक्ता को बुकिंग की पुष्टि का संदेश मिल जाता है।
एसएमएस से भी संभव है गैस बुकिंग
एसएमएस के जरिए भी गैस सिलेंडर बुक करना एक सरल विकल्प है। इंडेन गैस के ग्राहक 7718955555 नंबर पर “REFILL” लिखकर एसएमएस भेज सकते हैं। वहीं भारत गैस के ग्राहक 7715012345 या 7718012345 नंबर पर “LPG” लिखकर संदेश भेज सकते हैं। इसके बाद बुकिंग की पुष्टि का संदेश प्राप्त हो जाता है।
मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा
वर्तमान समय में मोबाइल ऐप के माध्यम से भी सिलेंडर बुक करना काफी आसान हो गया है। उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी की आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सीधे वहीं से बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा सरकारी उमंग ऐप के जरिए भी गैस सिलेंडर बुक करने की सुविधा उपलब्ध है।
कई डिजिटल भुगतान ऐप जैसे Paytm, PhonePe और Amazon Pay पर भी एलपीजी सिलेंडर बुक करने का विकल्प मिलता है। इन ऐप्स के जरिए उपभोक्ता बुकिंग के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं।
डिलीवरी में देरी हो तो ऐसे करें शिकायत
यदि सिलेंडर बुक होने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं होती है तो उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए इंडेन गैस के ग्राहक 1800-2333-555, भारत गैस के ग्राहक 1800-22-4344 और एचपी गैस के ग्राहक 1800-2333-555 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इसके अलावा गैस कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। साथ ही उमंग ऐप के माध्यम से भी शिकायत करने पर उपभोक्ता को एक संदर्भ संख्या मिलती है, जिससे वह अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुकिंग और शिकायत के लिए अधिकृत डिजिटल माध्यमों का उपयोग करना चाहिए, जिससे समय की बचत के साथ सुविधा भी मिलती है।








