अरविंद कौशिक
शामली, । शामली से एक प्रेरणादायक सफलता की खबर सामने आई है, जहां नेशनल चिल्ड्रन एकेडमी पब्लिक स्कूल के दो होनहार विद्यार्थियों कार्तिक कौशिक और कनक कौशिक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे परिवार और समाज का नाम रोशन किया है।
मोहल्ला गुजरातियान निवासी सुमित कौशिक के पुत्र कार्तिक कौशिक ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि उनकी बहन कनक कौशिक ने 69 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया। दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने परिवार में खुशी का माहौल पैदा कर दिया है और क्षेत्र में भी इनकी सफलता की चर्चा हो रही है।
कार्तिक कौशिक की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। वहीं कनक कौशिक ने भी अपने प्रयासों से यह साबित किया कि निरंतर परिश्रम से सफलता हासिल की जा सकती है। दोनों भाई-बहन की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
परिवारजनों का कहना है कि बच्चों की इस सफलता के पीछे उनके दादा-दादी, माता-पिता और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए छात्रों को सम्मानित करने की घोषणा की है।
विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार संगल, श्रीमती कमलेश देवी और प्रधानाचार्य मनोज संगल ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे समाज के लिए गर्व का क्षण बताया।
समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनते हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने दोनों छात्रों से भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने की उम्मीद जताई।







