नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, जहां कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मौसम में बड़े बदलाव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कुछ हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

उत्तर भारत के दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हाल ही में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे अधिक रहा।
वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 27 से 30 अप्रैल के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं (50–60 किमी प्रति घंटे) के साथ तूफान की आशंका जताई गई है। इसके चलते भूस्खलन और जलभराव का खतरा भी बढ़ सकता है।
इसके अलावा झारखंड में ओलावृष्टि की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है, जबकि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम के बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि लू प्रभावित क्षेत्रों में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और बारिश व तूफान वाले क्षेत्रों में सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों को ओलावृष्टि से फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।








