अरविंद कौशिक
शामली। जनपद के नवनियुक्त जिलाधिकारी आलोक यादव का पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में एक व्यापारी प्रतिनिधिमंडल न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा, जहां जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं व्यापार मंडल की परिचय पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने इसे एक शिष्टाचार भेंट बताते हुए कहा कि संगठन की परंपरा रही है कि वह जनपद में आने वाले प्रत्येक अधिकारी का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल सदैव प्रशासन के साथ मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग करता रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि शामली एक विकासशील जनपद है, जहां पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं, लेकिन अभी भी अनेक क्षेत्रों में कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी आलोक यादव के नेतृत्व में जनपद में विकास की गति और तेज होगी तथा नई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से अपेक्षा जताई कि वे जनपद में व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनेंगे और उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

जिलाधिकारी आलोक यादव ने व्यापार मंडल के इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद के विकास में व्यापारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन और व्यापार मंडल मिलकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और जनपद के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद्र धीमान, जिला अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, जिला महामंत्री राजेश सिंघल, जिला कोषाध्यक्ष राजेश जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि संगल, नगर अध्यक्ष अमित गर्ग, नगर महामंत्री महेश विमान, नगर कोषाध्यक्ष ऋषभ जैन, युवा नगर अध्यक्ष शिवांग गर्ग, युवा नगर महामंत्री रोहित संगल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे जनपद के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।








