शामली में युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों का पुलिस चौकी पर शव रखकर जाम

शामली के खंदरावली गांव निवासी युवक की गोली मारकर हत्या के बाद परिजनों ने पुलिस चौकी के सामने शव रखकर जाम लगाया। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

अरविन्द कौशिक 

शामली। जनपद शामली में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस चौकी के सामने शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव खंदरावली निवासी 24 वर्षीय आशु शाम के समय अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह सहारनपुर-दिल्ली मार्ग पर स्थित पुलिस चौकी के पास पहुंचा, तभी रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर पुलिस और परिजन इस घटना को सड़क दुर्घटना मान रहे थे, लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो खुलासा हुआ कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन मृतक का शव लेकर पुलिस चौकी के सामने पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम लगने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैराना क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना का जल्द खुलासा किया जा सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य