अरविन्द कौशिक
शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोडवेज बस डिपो तथा आधुनिक बस अड्डा निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी आलोक यादव को ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर यह मांग उठाई और वर्षों से लंबित इस मुद्दे के शीघ्र समाधान की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि शामली में रोडवेज बस डिपो की मांग पिछले 6-7 वर्षों से लगातार उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में रोडवेज विभाग द्वारा गांव खेड़ी बैरागी में लगभग 6320 वर्ग मीटर भूमि 47 लाख रुपये में खरीदकर अपने नाम दर्ज कराई गई थी। हालांकि, बाद में बाईपास निर्माण के चलते उस भूमि का कुछ हिस्सा प्रभावित हो गया, जिससे यह परियोजना अधर में लटक गई।
व्यापार मंडल का कहना है कि वर्तमान स्थिति में भी यह भूमि रोडवेज डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त है और यदि यहां डिपो बनाया जाता है तो क्षेत्रवासियों को लंबी दूरी की बसों की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि शामली के अजंता चौक स्थित वर्तमान बस अड्डे पर जगह की भारी कमी है, जिसके कारण बसें बाहर सड़क पर खड़ी रहती हैं और पूरे क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
ज्ञापन में यह सुझाव भी दिया गया कि अजंता चौक और विजय चौक के बीच नगर पालिका की लगभग 8 बीघा भूमि पर एक आधुनिक रोडवेज बस अड्डा विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को देर रात तक बस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को एक अन्य पत्र भी सौंपा, जिसमें शहर के बीच से गुजरने वाले नाले की सफाई को लेकर चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने बताया कि नाले की समय पर और गहराई तक सफाई न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही आर्यपुरी, सीबी गुप्ता कॉलोनी, नाला पटरी, कबाड़ी बाजार और नेहरू मार्केट जैसे क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे आम जनजीवन प्रभावित होता है और व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है।
व्यापारियों ने मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले ही नाले की नीचे तक सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते यह कार्य पूरा कर लिया जाए, तो शहर को बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से बचाया जा सकता है।
इस दौरान सुभाष चंद्र धीमान (प्रदेश संगठन महामंत्री), सूर्यवीर सिंह (जिला अध्यक्ष), रवि संगल (जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष), अमित गर्ग (नगर अध्यक्ष), महेश धीमान (नगर महामंत्री), ऋषभ जैन (नगर कोषाध्यक्ष), पंकज वालिया, शिवांग गर्ग सहित अन्य व्यापारी भी उपस्थित रहे।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे, जिससे शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।








