अरविंद कौशिक
शामली। गांव ऐरटी स्थित भारद्वाज दण्डि आश्रम में भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान हवन-पूजन, अतिथि सम्मान समारोह तथा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा के माध्यम से धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय कौशिक, अशवनी शर्मा तथा कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार, भाजपा जिला महामंत्री भूपेंद्र शर्मा, अवर अभियंता अजय शर्मा, समाजसेवी मोहित शर्मा सिलावर और शुभम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में विजय कौशिक ने कहा कि भगवान परशुराम किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे समाज के आराध्य हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के जीवन से हमें कर्तव्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
कांग्रेस युवा प्रदेश महासचिव अशवनी शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम के प्रति सभी समाजों की आस्था है। उन्होंने कहा कि बिडौली में भगवान परशुराम चौक निर्माण में छत्तीस बिरादरी का सराहनीय सहयोग मिला, जो सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के भी आराध्य रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ने सदैव अधर्म और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने आयोजक समिति द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। भाजपा जिला महामंत्री भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों से बचना चाहिए, क्योंकि वे किसी जाति विशेष के विरोधी नहीं बल्कि अत्याचार के खिलाफ खड़े होने वाले महापुरुष थे।
भारद्वाज दण्डि आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ललितानंद ने सभी अतिथियों को भगवान परशुराम की प्रतिमाएं भेंट कर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने सदैव पीड़ित और दबे-कुचले लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके चरित्र को समझने के लिए वेदों और धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन आवश्यक है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सनातन हिंदू परिषद गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष वीशु शर्मा का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मास्टर बाल किशन शर्मा और वीशु शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सीओ शामली जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सभी से शांति एवं नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम पितृभक्त थे और उनके चरित्र से प्रेरणा लेकर सभी को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम में समाजसेवी मोहित शर्मा, अजय शर्मा, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष शुभम शर्मा किवाना, राष्ट्रीय परशुराम परिषद के जिलाध्यक्ष सूरज शर्मा, अर्जुन पंडित, सोनू शर्मा रामड़ा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।








