शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि 29 मई देश के महान किसान नेता, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरण सिंह को स्मरण करने का महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का कार्य किया और उनका जीवन संघर्ष, सादगी तथा राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है।
दिल्ली रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी के आवास पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि 29 मई को चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि सहारनपुर में सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों, विशेषकर युवाओं और किसानों को चौधरी चरण सिंह के विचारों और संघर्षों से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा गांव, किसान और गरीब वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका मानना था कि भारत की वास्तविक उन्नति गांवों और किसानों की आर्थिक मजबूती से ही संभव है। उन्होंने देश की राजनीति में सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए।
चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि आज भी चौधरी चरण सिंह के विचार देश के करोड़ों किसानों और युवाओं को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों की समस्याओं और सामाजिक असमानता के मुद्दों को देखते हुए चौधरी साहब की नीतियां और अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। राष्ट्रीय लोकदल उनके सिद्धांतों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
बैठक में सामाजिक न्याय दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, युवा और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही चौधरी चरण सिंह के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर विचार गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।
वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक राजनेता नहीं बल्कि किसानों और ग्रामीण समाज की उम्मीदों की आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों के अधिकारों और सामाजिक समानता के लिए समर्पित किया। आज जरूरत है कि नई पीढ़ी उनके विचारों को समझे और समाजहित में कार्य करे।
बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय दिवस के आयोजन के माध्यम से चौधरी चरण सिंह के आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत की मजबूती और किसानों के सम्मान के लिए चौधरी साहब का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष अरविंद मलिक, शेषमणि, मोहम्मद इस्लाम, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद शमशाद, गोल्डी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








